Monday, December 8, 2008

400 ब्लोव्ज़


400 ब्लोव्ज़ के बारे में बहुत कुछ लिखा जा चुका है और ज़्यादातर इस फ़िल्म को एक बच्चे की त्रासदी घोषित किये जाने की तर्ज़ पर। यह ग़लत नहीं है मगर मुझे फ़िल्म का दूसरा पहलू भी नज़र आता है। जहां तक त्रासदी कहे जाने की बात है, यह इसलिये कि यह फ़िल्म प्रत्यक्षत: यही प्रेषित भी करती है। मुझे लगता है कि इस फ़िल्म के बारे में किसी ने दूसरी बार देखकर नहीं लिखा, एक ही बार देखकर इसकी समीक्षा कर डाली। पहली बार मुझे यह फ़िल्म एक अस्वीकार्य बच्चे की दु:खद और मूक त्रासदी ही लगी, मगर दूसरी बार देखते हुए मुझे इसमें मज़ा आने लगा और अंतोने के चरित्र में जो उछश्रंखलता है, वह वास्तव में फ़िल्म का मूल कथ्य लगने लगी। अंतोने से कई लोग अपने बचपन को रिलेट कर सकते हैं और शायद अंतोने बड़ा होकर जो बनेगा-बिगड़ेगा उससे भी अपने को रिलेट कर पाएँ। उसके बड़े होकर बनने-बिगड़ने की संभावना को फ़िल्म का अंत विस्तार देता है और दर्शक पर छोड़ देता है कि जहाँ फ़िल्म खत्म होती है उससे आगे वह उसे कैसे विज़्युलाइज़ करता है और कैसे विस्तार देता है। ज़ाहिर है यह विस्तार हर व्यक्ति की निजी सोच पर निर्भर करती है।
त्रूफ़ौ जैसे अंतोने को समंदर के किनारे लाकर छोड़ देते हैं उससे यह कहानी एक बच्चे के महज़ बनने-बिगड़ने की नही बल्कि कुछ कर पाने या कुछ न कर पाने की बन जाती है। समंदर जहाँ शुरु हो रहा है वहाँ धरती खत्म हो रही है; एक दूसरी दुनिया शुरु हो रही है। यह दुनिया क्या देती है अंतोने को और वह इससे क्या ले पाता है वह आपके सोचने के लिये मसाला है। साथ ही समंदर का किनारा अनंत और अनंत से उपजने वाली संभावनाओं का द्योतक भी है।
अंतोने, रेने और दूसरे तमाम बच्चे आए दिन शैतानियाँ करते हैं मगर अंतोने की गलतियाँ बार-बार पकड़ी जाती हैं। उसका अध्यापक और माँ उसे नाकारा समझते हैं और पिता की अपनी एक दुनिया है जिससे वह बाहर आने को ज़्यादा उत्सुक नहीं है, मगर यह उतना ग़लत नहीं लगता जितना माँ का उससे विलगाव और निराशा और अध्यापक और अंतोने को हैंडल/मिसहैंडल करने का तरीका।
मुझे अंतोने में शुरु से ही संभावनाएँ नज़र आती हैं। वह एक ऐसा बच्चा है जो बड़ों की दुनिया और उस दुनिया की बेवकूफ़ियों को समझता है और इससे कुछ-कुछ फ़ायदा उठाना भी सीख गया है। यह “ज्ञान” उसके आगे बढ़ने के दरवाज़े खोलेगा यह तय है। उसकी ग़लती इतनी भर है कि उसे यह “ज्ञान” उम्र से पहले हो गया है। इसका श्रेय उन्ही लोगों को है जो उसके सामने बड़ों की दुनिया परोस रहे हैं; जैसे अध्यापक की खीझभरी टिप्पणियाँ उसे अंतोने के सामने नंगा करती हैं और अंतोने उससे निर्लिप्त हो जाता है। इसी तरह वह अपनी माँ से भी निर्लिप्त हो जाता है जब वह उसे अपने एक सहकर्मी को चूमते हुए देखता है या यह पहले से मौजूद निर्लिप्तता का सिर्फ़ एक हिस्सा है। शायद इसीलिये वह इतनी सहजता से अपने पिता से पूछता है, “माँ चली गई है?” वह अपने माँ-बाप की लड़ाईयों का अकसर गवाह बनता है। जब उसकी माँ उसे कहती है कि अगर वह अपनी क्लास में बेहतर प्रदर्शन करेगा तो वह उसे एक हज़ार फ़्रेंक देगी मगर उसे अपने पिता से यह बात छुपानी होगी। ऐसे हर मौके पर वह बड़ों की दुनिया की दहलीज पर कदम रखता है और उसकी स्वतंत्र होने की इच्छा ज़ोर मारने लगती है। मुझे व्यक्तिगत तौर पर यह इच्छा उस त्रासदी से बड़ी लगती है जिसे त्रूफ़ौ हमारे साथ साझा कर रहे हैं क्योंकि पार्श्व में एक चरित्र का निर्माण होता दिखाई देता है। अगर वास्तविकता की बात करें तो त्रूफ़ौ जैसा उच्चकोटि का दिग्दर्शक हमारे सामने है।
अंतोने तब लाचार लगता है जब उसे चोरों और वैश्याओं के साथ पुलिस की गाड़ी में डालकर पेरिस से बाहर ले जाया जाता है। इस दृष्य को दो--तीन कोणों से दर्शाया गया है। पहले जालियों के पीछे अंतोने का चेहरा क्लोज़ अप में आता है और फ़िर प्रोफ़ाइल में अंतोने जाली से बाहर पीछे छूटते पेरिस और उसकी रंगीनियों (आज़ादी) को देखता है। इस दृष्य में अंतोने रोता है क्योंकि यह उसकी स्वतंत्रता का अतिक्रमण है। यह वह स्वतंत्रता है जिसके एवज में उसके हिस्से रोज़ की लताड़ आती है। यही स्वतंत्रता उसे तमाम विरोधों के बीच प्रसन्न रखती है और यही उससे छिन रही है मगर दूसरे कोण से देखें तो यह अंतोने के लिये उस अनिश्चित स्वतंत्रता का द्वार है, जिसके तत्व उसके स्कूल और दड़बे जैसे घर में ग़ायब हैं।

Tuesday, November 4, 2008

मैं कैलेंडर पर ज़िंदा रहूंगी, समय में कभी नहीं


मैंने हॉलीवुड अदाकारा मर्लिन मुनरो पर एक लेख लिखा था। तब नैट पर मुझे उसके बहुत सारे कोट्स मिले। मैंने उन्हें पढ़ा तो मुझे लगा कि इन कोट्स का यदि क्रम बदल दिया जाए तो ये मर्लिन के एकालाप की तरह लगेंगे। लिहाजा मैंने मर्लिन के ये कोट अनुवाद किए और उन्हें ऐसा क्रम दिया कि ये मुनरो की कहानी उसी की जुबानी लगे। तो पढ़िए मुनरो की छोटी-सी कहानी उसी की जुबानी।
मैं अपनी शादी की वजह से दुःखी नहीं थी लेकिन इससे मैं खुश भी नहीं थी। मैं और मेरे पति मुश्किल से ही एकदूसरे से बोल पाते थे। और यह सब इस वजह से नहीं था कि हम एकदूसरे से नाराज थे। हमारे पास कहने को कुछ नहीं था। मैं इस ऊबाऊपन से मर रही थी। मेरी पैसों में कतई दिलचस्पी नहीं थी, मैं तो बस वंडरफुल होना चाहती थी। करियर वंडरफुल था लेकिन एक ठंडी रात में उसे आप लपेट नहीं सकते थे। मैं कैलेंडर पर जिंदा रहूंगी, समय में कभी नहीं।
मैं जब बच्ची थी तब मुझे किसी ने कभी ये नहीं कि मैं सुंदर हूं। तमाम बच्चियों को कहा जाना चाहिए कि वे सुंदर हैं, वे सुंदर न हों तब भी। हॉलीवुड में किसी भी लड़की की प्रतिभा उसके हेयर स्टाइल से कम आंकी जाती है। आपका मूल्यांकन इस आधार पर होता है कि आप कैसी दिख रही हैं, इस पर नहीं कि आप असल में हैं क्या। हॉलीवुड ऐसी जगह है जहां आपको चुंबन के लिए हजार डॉलर्स मिल जाएंगे लेकिन आत्मा के लिए पचास सेंट्स भी नहीं। मैं यह जानती हूं औऱ मैं महंगा आफर ठुकरा देती हूं औऱ पचास सेंट्स का मंजूर कर लेती हूं।
मैं बिना फेस लिफ्ट कराए बूढ़ी होना चाहती हूं। मैं चाहती हूं मुझमें अपने उस चेहरे के प्रति भरोसेमंद रहने का साहस हो जिसे मैंने बनाया है। कभी कभी मुझे लगता है उम्रदराज होना टाला जा सकता है औऱ जवान रहते मर जाएं तो बेहतर। लेकिन तब आप अपनी जिंदगी पूरी नहीं करते। नहीं क्या? तब आप कभी भी अपने को पूरी तरह से नहीं जान पाएंगे।
सेक्स प्रकृति का हिस्सा है और मैं प्रकृति के साथ जाना पसंद करूंगी। मैं पिक्चर में नेचरल लुक को पसंद करती हूं। मैं उन लोगों को पसंद करती हूं जो एक या दूसरी तरह से महसूस करते हैं। यह उनकी भीतरी दुनिया को बताते हैं। वहां भीतर जो कुछ भी घट रहा है उसे देखना मुझे पसंद है। मेरी दिक्कत यह है कि मैं अपने आप से ही संचालित होती हूं। मैं एक कलाकार बनने की भरसक कोशिश करती हूं औऱ सच्ची भी। कभी कभार मैं महसूस करती हूं कि मैं एक पागलपन पर सवार हूं। मैं कोशिश करती हूं कि अपने भीतर का सबसे खरा हिस्सा बाहर आ सके और यह कितना मुश्किल है। ऐसा होता है कई बार जब मैं सोचती हूं कि मेरा जो कुछ भी है वह सब सच्चा है लेकिन कई बार यह सब आसानी से बाहर नहीं आता। मैं हमेशा यह छिपी बात सोचती हूं कि मैं नकली हूं।
मैं जानती हूं कि मेरा संबंध लोगों से है औऱ दुनिया से है इसलिए नहीं कि मैं प्रतिभाशाली हूं या कि खूबसूरत बल्कि इसलिए कि इसके अलावा मेरा किसी से कोई संबंध नहीं।
यह लोगों की आदत है कि वे मुझे ऐसे देखते हैं कि मैं एक व्यक्ति नहीं एक आईना हूं। वे मुझे देख ही नहीं पाते। सेक्स सिबंल बनना एक वस्तु बन जाना है। मैं वस्तु होने से नफरत करती हूं लेकिन मैं सेक्स सिंबल के बजाय किसी औऱ चीज का सिंबल बनना चाहती हूं।
सचाई यह है कि मैंने कभी किसी को बेवकूफ नहीं बनाया है, मैंने लोगों को स्वयं बेवकूफ बनने के लिए छोड़ दिया। उन्होंने कभी यह जानने की कोशिश ही नहीं की कि मैं कौन हूं औऱ क्या हूं? बावजूद इसके उन्होंने मेरे लिए एक चरित्र खोज लिया। मैं उनसे कभी बहस नहीं की। वे निश्चित ही किसी और को प्यार करते हैं जो मैं नहीं थी। जब उन्हें यह पता लगा तो उन्होंने मुझे दोष देना शुरू कर दिया कि हमें भ्रम में रखा गया है या हमें बेवकूफ बनाया गया। कुत्ते मुझे कभी नहीं काटते, सिर्फ मनुष्य काटते हैं।
जिंदगी में ऐसे पल आते हैं जब आपको लगता है कि आप किसी के साथ हैं औऱ यही काफी है। मैं उन्हें छूना नहीं चाहती। यहां तक कि बात तक करना भी। दोनों के बीच एक अहसास बहता रहता है। और तब आप कतई अकेले नहीं होते।
मैं एक औरत के रूप में नाकामयाब हूं। मेरा आदमी मुझसे बहुत ज्यादा अपेक्षाएं रखता है। यह इस वजह से है क्योंकि उन्होंने अपने लिए मेरी एक छवि बना ली है और मैंने खुद को एक सेक्स सिंबल बना लिया है। आदमी बहुत अपेक्षा रखता है मैं इस पर अपने को जिंदा नहीं रख सकती। कुछ लोग हमेशा आपके प्रति कठोर होंगे। यदि मैं कहूं कि मैं बतौर एक्ट्रेस विकसित होना चाहती हूं तो वे मेरे फिगर को देखते हैं। यदि मैं कहूं कि मैं अपने क्राफ्ट को विकसित करना चाहती हूं तो वे हंसने लगते हैं। मुझे लगता है वे यह अपेक्षा नहीं रखते है कि मैं अपने काम के प्रति संजीदा रहूं। यदि आप चाहते हैं कि कोई लड़की खुश रहे तो उसे वह सब करने दें जो वह चाहती है।
एक बेहतरीन अदाकारा होने का मुझे कोई वहम नहीं है। मैं जानती हूं मैं कितनी तीसरे दर्जे की अदाकारा हूं। मैं सचमुच महसूस करती हूं कि मुझमें टैलेंट नहीं है। यह वैसा ही जैसे मैं अंदर के सस्ते कपड़े पहनती हूं। लेकिन मेरे ईश्वर बता मैं कैसे सीखना, बदलना औऱ परिष्कृत होना सीखूं। एक एक्टर को बहुत संवेंदनशील वाद्य होना चाहिए। इसाक स्टर्न अपनी वॉयलिन का बहुत ध्यान रखते थे।
यह बहुत डरावना है कि मैं जिन तमाम लोगों को नहीं जानती वे मुझे लेकर कितने भावुक होते हैं। मेरा मतलब है कि यदि वे आपको जाने बगैर बहुत प्यार करते हैं तो यह भी तो हो सकता है कि वे ठीक इसी तरह आपसे नफरत भी कर सकते हैं।
गोएथे ने कहा था कि टैलेंट निजी कोनों में फलता-फूलता है। आप जानते हैं? यह सचमुच में सच है। एक एक्टर के लिए हमेशा अकेलेपन की जरूरत है औऱ अकसर लोग यह नहीं सोचते। यह आपके लिए एक निश्चित रहस्य होता है कि जब आप एक्टिंग कर रहे होते हैं तब उन पलों में पूरी दुनिया आप में होती है। मैं जब अकेली होती हूं मैं अपने को जमा करती हूं। करियर लोगों के बीच पैदा होता है, प्रतिभा अकेले में।
कृपाकर मेरी हंसी न उड़ाएं। मैं यकीन करती हूं कि मैं एक अभिनेत्री बनना चाहती हूं, अपनी इंटीग्रिटी के साथ एक अभिनेत्री। मैं सचमुच एक अदाकारा बनना चाहती हूं, एक कामोत्तेजक जीव नहीं। मैंने अपना नाम मर्लिन कभी पसंद नहीं किया। मैं हमेशा चाहती रही कि मुझे जीन मुनरो के नाम से पुकारा जाए लेकिन मुझे अंदाजा है कि इसके लिए अब कितनी देर हो चुकी है...
शोहरत यानी आप अपने को दूसरों की नजरों से देख रहे होते हैं लेकिन इससे भी ज्यादा मानीखेज यह है कि आप खुद अपने बारे में क्या सोचते हैं, रोज-ब-रोज की जिंदगी जीते हुए, जिंदा रहते हुए कि अब आगे क्या होगा...